कोरोना वायरस के कहर का सबसे बड़ा केंद्र बन चुके इटली में मरने वालों की संख्या 10 हजार के पार पहुंच गई है। वहां इस जानलेवा महामारी का इलाज कर रहे डॉक्टर भी संक्रमण की चपेट में आने लगे हैं। अभी तक इटली में कुल 51 डॉक्टर इस संक्रमण की चपेट में आकर मारे जा चुके हैं।
उधर, स्पेन में भी पिछले 48 घंटे में रिकॉर्ड 1506 मौत के बाद मरने वालों की संख्या 5600 से ज्यादा हो गई है। ईरान में भी इस वायरस का कहर जारी है। वहां मौत के 139 नए मामले दर्ज किए गए हैं और अब कुल मरने वाले 2500 से ज्यादा हो गए हैं।
इटली में मरने वाले सभी डॉक्टर कोरोनावायरस से जंग लड़ रहे थे और हाल ही में पॉजिटिव पाए गए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। इटली में डॉक्टरों की यूनियन के अध्यक्ष फिलिपो अनेल्ली ने हाल ही में इसी खतरे को देखते हुए डॉक्टरों के लिए और ज्यादा सुरक्षा उपकरण मांगे हैं।
शनिवार को इटली में 889 लोगों की मौत के साथ तादाद 10 हजार पार हो गई है। देश में 86,498 संक्रमित हैं, जबकि 10,950 ही ठीक हुए। उधर, स्पेन में 48 घंटे के दौरान 1506 लोगों की मौत की पुष्टि की। अब स्पेन में मृतक 5812 हो गए।
ईरान में भी शनिवार को 139 नई मौत के साथ मरने वालों की संख्या 2517 हो गई। देश में पीड़ितों की संख्या 35,408 मरीज हो गए हैं, जिनमें से 3,206 गंभीर हैं।
यूएस में भी डॉक्टरों को सताई जान की चिंता...
अमेरिका में भी डॉक्टरों और नर्सों को भी अपनी जान की चिंता सताने लगी है। डॉक्टरों और नर्सों ने प्रशासन से ज्यादा संख्या में सुरक्षात्मक उपकरण, कपड़े व अन्य एसेसरीज देने की मांग की है।